सूरजपुर

मनमानी का आरोप, प्रकाश इंडस्ट्रीज के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन
29-Oct-2026 8:31 PM
 मनमानी का आरोप, प्रकाश इंडस्ट्रीज के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 29 अक्टूबर। भैयाथान क्षेत्र में संचालित प्रकाश इंडस्ट्रीज के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। खदान शुरू होने के बाद से प्रदूषण और कोयला परिवहन में लगे वाहनों की तेज रफ्तार से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने कंपनी के कथित मनमाने रवैए के खिलाफ नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का आरोप है कि खदान शुरू होने के बाद क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या बढ़ गई है। वहीं, सडक़ों पर कोयला परिवहन में लगे वाहनों की आवाजाही से हादसों का खतरा बना रहता है।

 इससे क्षेत्रवासियों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान मौसम भी ग्रामीणों के हौसले को नहीं डिगा सका। बारिश के बीच 50 से अधिक प्रदर्शनकारी कंपनी के खिलाफ अपना आक्रोश जताते रहे। स्थिति की जानकारी मिलने पर भैयाथान एसडीएम अजय मोडियम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों से चर्चा की।

फिलहाल, ग्रामीणों की मांगों और प्रशासन के साथ हुई चर्चा के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। क्षेत्र में प्रदूषण और कोयला परिवहन से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।


अन्य पोस्ट