सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 21 अक्टूबर। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विश्रामपुर में जिले के छह विकासखंडों के 211 संकुल समन्वयकों की जिला स्तरीय बैठक ली। दो पालियों में आयोजित बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
डीईओ सिन्हा ने कहा कि संकुल समन्वयक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। शासन की योजनाओं और निर्देशों को स्कूलों तक पहुंचाने के साथ ही शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों के सीखने के स्तर और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर नजर रखना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि संकुल समन्वयक निरीक्षण के दौरान बच्चों से सीधे संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन करें और शिक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन दें।
उन्होंने वीएसके में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी स्कूलों में शब्द बीज कार्यक्रम प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया। प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को 20 से 25 तक के पहाड़े, जोड़-घटाव, गुणा-भाग, बारहखड़ी, पुस्तक पठन और शब्द बीज में दक्ष बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षाओं में शिक्षकों के मोबाइल लेकर प्रवेश करने पर रोक लगाने की बात कही।
बैठक में छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने, अपार आईडी निर्माण में तेजी लाने, पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दिलाने तथा यूडाइस में विद्यार्थियों का वैलिडेशन कार्य निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। बच्चों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने और अधूरे निर्माण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
प्रत्येक संकुल में एक विद्यालय को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने तथा शिक्षकों के समुचित समायोजन पर भी जोर दिया गया।
डीईओ ने संकुल समन्वयकों को निजी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय और निजी, दोनों प्रकार के विद्यालयों की स्थिति की जानकारी रखना समन्वयकों की जिम्मेदारी है। निजी स्कूलों में मान्यता की शर्तों, निर्धारित मानकों, बच्चों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की जांच की जाए। सीजी बोर्ड से संचालित विद्यालयों में निर्धारित पाठ्यपुस्तकों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।
बैठक में सहायक संचालक अजय सिंह सहित बीईओ हरेंद्र सिंह, मुन्नू लाल धुर्वे, फूलसाय मरावी, मोतीलाल राजवाड़े, प्रताप सिंह पैकरा और अवधेश साहू उपस्थित रहे।