सूरजपुर

शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
21-Oct-2026 8:21 PM
शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 21 अक्टूबर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार 21 अक्टूबर को कनकपुर-सिलफिली स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की दसवीं बटालियन में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरगुजा के आईजी दीपक कुमार झा ने परेड की सलामी ली और एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में शहीद हुए 154 जवानों के नामों का वाचन किया। इसके बाद शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूतों को नमन किया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गे, सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत, सूरजपुर कलेक्टर रेना जमील, सूरजपुर एसपी योगेश पटेल, अंबिकापुर एसपी राजेश अग्रवाल, डीएफओ विपुल अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन सहित अन्य अधिकारी और शहीद जवानों के परिजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

छत्तीसगढ़ के छह जवानों ने दिया सर्वोच्च बलिदान

देशभर में शहीद हुए 154 जवानों में छत्तीसगढ़ के छह जवान शामिल हैं। इनमें इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, हेड कांस्टेबल बदादी मोहन, बस्तर फाइटर के कांस्टेबल परमानंद कोर्राम, संजय गडपाले, दुकारू राम गोंडे और कृष्ण कुमार कोमरा के नाम शामिल हैं।

शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा - आईजी

मुख्य अतिथि आईजी दीपक कुमार झा ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में देश की रक्षा करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवान चीनी सैनिकों के साथ संघर्ष में शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों का अंतिम संस्कार हॉट स्प्रिंग में किया गया था। जनवरी 1960 में दिल्ली में आयोजित पुलिस महानिरीक्षकों के सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों ने देशप्रेम, त्याग और बलिदान की सर्वोच्च परंपरा स्थापित की है।

उनके बलिदान से आने वाली पीढिय़ों को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी और वे देशप्रेम व कर्तव्यनिष्ठा का बोध कराते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में परेड दल ने शहीद जवानों को सलामी दी। इसके बाद मुख्य अतिथि सहित अन्य अधिकारियों ने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं तथा शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में दसवीं बटालियन के कमांडेंट प्रशांत कतलम सहित बटालियन के अधिकारी, कर्मचारी और जवान उपस्थित रहे।

नक्सल मुक्त अभियान का दिखा असर

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नक्सल विरोधी अभियान के प्रभाव की भी चर्चा रही। केंद्र सरकार ने देश को नक्सल मुक्त बनाने के लिए 31 मार्च 2026 की समय-सीमा निर्धारित की थी। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के चलते कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जबकि कई मुठभेड़ों में मारे गए। पूर्व के वर्षों में शहीद जवानों की संख्या सात से आठ सौ या उससे अधिक रहने की तुलना में इस वर्ष आंकड़ा काफी कम रहा। इसे नक्सल विरोधी अभियान में मिली सफलता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।


अन्य पोस्ट