सूरजपुर
सूरजपुर,17 अक्टूबर। जिले के रामनगर में राधा कृष्ण सेवा समिति के तत्वावधान में संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन 27 अक्टूबर से 4 नवंबर तक किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय कथा प्रवक्ता पूज्य प्राची देवी के मुखारविंद से श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का श्रवण करेंगे। आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत 26 अक्टूबर को सुबह 9 बजे कलशयात्रा के साथ होगी। इसके बाद 27 अक्टूबर से प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक श्रीराम कथा होगी। 5 नवंबर को सुबह 8 बजे हवन एवं पूर्णाहुति के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा। कथा के पहले दिन 27 अक्टूबर को मंगलाचरण एवं राम नाम की महिमा का वर्णन होगा। 28 अक्टूबर को भारद्वाज-याज्ञवल्क्य मिलन, सती चरित्र और शिव-पार्वती विवाह।
जबकि 29 अक्टूबर को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया जाएगा। 30 अक्टूबर को विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा एवं सीता स्वयंवर और 31 अक्टूबर को श्रीराम विवाह, अयोध्या आगमन एवं अयोध्या कांड का वर्णन होगा।
इसी क्रम में 1 नवंबर को वनगमन एवं भरत मिलाप, 2 नवंबर को अरण्य कांड, 3 नवंबर को अरण्य एवं किष्किंधा कांड तथा 4 नवंबर को सुंदरकांड, रावण वध और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की कथा सुनाई जाएगी।
आयोजन समिति ने आमजनों से आयोजन में शामिल होने की अपील की है।