सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 16 अक्टूबर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आमगांव में सिंचाई पंप चोरी के आरोप में पकड़े गए दो लोगों को ग्रामीणों द्वारा अर्धनग्न कर जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद पुलिस को मामले की भनक लगी, जिसके बाद पुलिस गांव पहुंच मामले की जांच कर रही है।
ग्राम पंचायत आमगांव से सिंचाई पंप चोरी कर महज एक हजार रुपये में बेचने का आरोप दो लोगों पर है। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने दोनों को पंप चोरी करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर अर्धनग्न कर जूतों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट क रने की बात भी सामने आई है। दोनों आरोपी ग्राम पंचायत कोट के निवासी बताए जा रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद रामानुजनगर थाना पुलिस ने ग्राम आमगांव पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से अभी तक थाने में कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही पंप चोरी की घटनाओं के कारण लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है, लेकिन कानून हाथ में लेकर इस तरह की अमानवीय कार्रवाई पर पुलिस स्थिति की गंभीरता से जांच कर रही है।