सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 16 अक्टूबर। जिला अस्पताल सूरजपुर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जटिल कूल्हे की सर्जरी सफलतापूर्वक की है। ओडग़ी निवासी राजकुमारी लंबे समय से दोनों कूल्हों की खराबी से पीडि़त थीं। अस्पताल में बेहतर उपचार और चिकित्सकों के समन्वित प्रयास से उनकी सर्जरी संभव हो सकी। इससे गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है।
राजकुमारी उपचार के लिए जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग पहुंची थीं। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू ने उनकी जांच और एक्स-रे कराया, जिसमें दोनों कूल्हों के खराब होने की पुष्टि हुई। साथ ही उनके शरीर में खून की कमी भी पाई गई। मरीज की स्थिति को देखते हुए उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। स्वास्थ्य में सुधार और ऑपरेशन के लिए उपयुक्त स्थिति बनने के बाद निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार ने आवश्यक जांच की और सर्जरी की तारीख निर्धारित की।
निर्धारित तिथि पर ऑपरेशन थिएटर की प्रभारी नविदा परवीन के नेतृत्व में आवश्यक तैयारियां पूरी की गईं। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू ने टीम के साथ सर्जरी की। इस दौरान नविदा परवीन, मयंका राजवाड़े, सीमा देवांगन, ओटी टेक्नीशियन बोधन राजवाड़े और प्रियंका राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार ने ऑपरेशन के दौरान मरीज की स्थिति स्थिर बनाए रखने में अहम योगदान दिया।
डॉ. अजय साहू ने बताया कि मामला जटिल था, लेकिन पूरी टीम के समन्वय और सहयोग से सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को भी सूरजपुर निवासी 60 वर्षीय राजकुमार का सफल ऑपरेशन किया गया था।