सूरजपुर

पार्वती बीएड कॉलेज में मना विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस
10-Oct-2026 9:07 PM
पार्वती बीएड कॉलेज में मना विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस

मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों की बात सुनना और उनके अनुभवों को समझना जरूरी - विशेषज्ञ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,10 अक्टूबर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, जिला सूरजपुर के अंतर्गत जिला मानसिक स्वास्थ्य टीम द्वारा पार्वती इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग, रिसर्च एंड मैनेजमेंट बीएड कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम  'Lived E&periences Heard: Real Voices, Real Change'  अर्थात अनुभवों को सुनें, वास्तविक आवाजों से वास्तविक बदलाव लाएं पर आधारित कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, फास्ट ट्रैक कोर्ट सूरजपुर आनंद प्रकाश वारियाल उपस्थित रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा, मनोचिकित्सक डॉ. अंकित शर्मा, क्लीनिकल मनोवैज्ञानिक सचिन मातुरकर, प्रियंका मंडल तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. छवि रानी मंडल सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी शामिल हुए।

व्यक्तिगत अनुभवों को सुनना जरूरी

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को केवल व्यक्ति के बाहरी व्यवहार से नहीं समझा जा सकता। उसकी भावनाओं, परिस्थितियों और अनुभवों को सुनना भी जरूरी है। लोगों को बिना भेदभाव अपनी बात रखने का अवसर देकर तथा समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराकर सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

मनोचिकित्सक डॉ. अंकित शर्मा ने कहा कि तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याएं किसी को भी प्रभावित कर सकती हैं। ऐसी स्थिति में अपनी परेशानी विश्वसनीय व्यक्ति से साझा करना और जरूरत पडऩे पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे लोगों की बात धैर्यपूर्वक सुनने और उन्हें उचित सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

मुख्य अतिथि आनंद प्रकाश वारियाल की उपस्थिति ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सामाजिक संवेदनशीलता और विभिन्न संस्थाओं की भूमिका को रेखांकित किया। वहीं प्राचार्य डॉ. छवि रानी मंडल ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों के मानसिक एवं भावनात्मक विकास पर भी ध्यान देना आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

पोस्टरों से दिया जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, भावनात्मक सहयोग और आत्महत्या रोकथाम जैसे विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सहयोग देने के लिए उनकी बात सुनना, अनुभवों को समझना और समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है।


अन्य पोस्ट