सूरजपुर
सूरजपुर, 9 अक्टूबर। जिले के ओडग़ी विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक शाला पड़वारी के प्रधान पाठक सूरज बहादुर सिंह को शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने और शराब के नशे में अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान पाठक सूरज बहादुर सिंह के विरुद्ध एमबीयू सत्यापन कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने, शराब के नशे में अभद्र भाषा का उपयोग करने तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने की शिकायत सामने आई थी। मामले में संबंधित कृत्य प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना गया।इसके आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील नियम, 1966 के नियम 9 के तहत सूरज बहादुर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, प्रेमनगर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।