सूरजपुर

शिवनंदनपुर में सवा 2 करोड़ के विकास कार्यों की मंजूरी
09-Oct-2026 8:26 PM
शिवनंदनपुर में सवा 2 करोड़ के विकास कार्यों की मंजूरी

सूरजपुर, 9 अक्टूबर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सडक़, नाली, कल्वर्ट और अन्य निर्माण कार्यों के लिए कुल 2 करोड़ 33 लाख 44 हजार रुपये की प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत 31 विकास कार्य कराए जाएंगे। संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़ द्वारा 6 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। वहीं नगर पंचायत शिवनंदनपुर के उपाध्यक्ष अंशुल गोयल ने निकाय क्षेत्र में दो करोड़ तैंतीस लाख के विकास कार्यों की स्वीकृति पर कहा कि विकास कार्यों की स्वीकृति में भी भेदभाव किया गया है।

नगर पंचायत चुनाव के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा शिवनंदनपुर के विकास को लेकर की गई घोषणा अब साकार होती दिखाई दे रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन तथा नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल के प्रयासों से विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इसे नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

जारी आदेश के अनुसार, नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में सीसी सडक़, आरसीसी नाली, कल्वर्ट निर्माण और पेवर ब्लॉक फ्लोरिंग सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। इन निर्माण कार्यों का उद्देश्य वार्डों में आवागमन को सुगम बनाना, जल निकासी की समस्या दूर करना और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 5, 6 और 7 सहित विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण, वार्ड क्रमांक 8 में शांतिनगर मुख्य मार्ग से ओम शांति तक सीसी सडक़ निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 13 में कर्मकांड स्थल पर पेवर ब्लॉक फ्लोरिंग का कार्य शामिल है।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 10, 11, 14 और 15 में भी सडक़ एवं नाली निर्माण के विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। कई वार्डों में घरों और मोहल्लों को जोडऩे वाली नालियों के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है।

नगर पंचायत क्षेत्र में सडक़ और नाली की बेहतर व्यवस्था लंबे समय से नागरिकों की प्रमुख जरूरतों में शामिल रही है। विशेषकर बारिश के दौरान जलभराव, जल निकासी और मोहल्लों में आवागमन से जुड़ी समस्याओं के समाधान में इन निर्माण कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। स्वीकृति मिलने से संबंधित वार्डों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

वार्डों में असमानता और भेदभाव का आरोप

नगर पंचायत शिवनंदनपुर के उपाध्यक्ष अंशुल गोयल ने निकाय क्षेत्र में दो करोड़ तैंतीस लाख के विकास कार्यों की स्वीकृति पर कहा कि विकास कार्यों की स्वीकृति में भी भेदभाव किया गया है। कई वार्डों में एक भी कार्य नहीं तो किन्हीं वार्डो में एक से अधिक कार्य स्वीकृत किए गए हैं। वार्ड क्रमांक 2 एवं 3 में एक भी कार्य स्वीकृत नहीं किया गया है ।उन्होंने कहा कि परिषद के14 जुलाई को पहली बैठक में जिन कार्यों के प्रस्ताव लिए गए थे उनमें एक कार्य का भी स्टीमेट आज तक तैयार नहीं किया गया है।उन्होंने सीएमओ और उप अभियंता के कार्यशैली को उदासीन बताते हुए कहा कि जनहित के जुड़े मामलों में तेजी और जवाबदेही जरूरी है।


अन्य पोस्ट