सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 8 अक्टूबर। सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र अंतर्गत चेन्द्रा चौकी पुलिस पर एक युवक को हिरासत में लेकर मारपीट करने और दबाव बनाकर बयान बदलवाने का गंभीर आरोप लगा है। ग्राम चंद्रमेढ़ा निवासी पीडि़त विजय कुमार दुबे ने चौकी प्रभारी केश्वर राम मरावी और प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सूरजपुर को लिखित शिकायत सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीडि़त के अनुसार, 27 सितंबर की रात करीब 8 बजे वह अपने साथी के साथ दोपहिया वाहन से जा रहा था। पलमा चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे रोका, चौकी ले जाकर बांस के डंडे से पीटा और पुलिस वाहन में बंधक बनाकर रखा।
बेटे की हिरासत की खबर मिलने पर मां उर्मिला दुबे अपने भाई के साथ चौकी पहुंचीं। आरोप है कि प्रधान आरक्षक ने उनके साथ झूमाझटकी और अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का दे दिया।
पीडि़त का आरोप है कि रिहा करने से पहले पुलिस ने उस पर दबाव बनाकर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उससे जबरन यह कहलवाया गया कि उसके साथ कोई मारपीट नहीं हुई है।
भटगांव अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद 29 सितंबर को अंबिकापुर में एक्स-रे कराने पर दाहिने हाथ के अंगूठे की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई। स्थिति को देखते हुए 30 सितंबर को उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां 2 से 5 अक्टूबर तक अस्पताल में भर्ती रखकर उसके हाथ का ऑपरेशन किया गया।
शिकायत पत्र में उल्लेख है कि 28 सितंबर को थाना प्रभारी के समक्ष चौकी प्रभारी व प्रधान आरक्षक ने शराब के नशे में होने की बात स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी।
पीडि़त ने इलाज के पर्चे, डिस्चार्ज कार्ड, एक्स-रे रिपोर्ट और चोट की तस्वीरें संलग्न करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है।