सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 7 अक्टूबर। मोबाइल चोरी होने के बाद बैंक खाते से जुड़े नंबर और यूपीआई सुविधा का दुरुपयोग कर ग्रामीण के खाते से तीन लाख रुपये निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। रकम छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए तीन दिनों में निकाली गई। ग्राम पंचायत मदनपुर निवासी राम औतार कुशवाहा की शिकायत पर जयनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीडि़त के अनुसार वह दुकानदारी के साथ खेती-किसानी और ड्रायवरी का काम करता है। 24 सितंबर को वह सिलफिली बाजार में सब्जी खरीदने गया था।
इसी दौरान शाम करीब पांच बजे उसका मोबाइल अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। मोबाइल में लगा जियो नंबर उसके इंडसइंड बैंक खाते से लिंक था और इसी नंबर से वह फोन-पे यूपीआई का इस्तेमाल करता था।
मोबाइल चोरी होने के बाद सिम बंद कराने और नया सिम जारी कराने के लिए पीडि़त की पत्नी के भाई सोनू ने परिचित राजू तिर्की से संपर्क किया।
शिकायत के मुताबिक राजू ने सिम बंद कराने की प्रक्रिया के लिए आधार कार्ड की फोटो, पता और मोबाइल का ईएमईआई नंबर मांगा, जिसे उपलब्ध करा दिया गया। इसके बाद पीडि़त और उसका साला अंबिकापुर स्थित जियो कार्यालय पहुंचे, जहां आधार कार्ड और लाइव फोटो की प्रक्रिया पूरी करने के बाद नया सिम जारी कराया गया।
फोन-पे स्पीकर ठीक कराने पहुंचे थे युवक
शिकायत में पीडि़त ने बताया कि उसकी दुकान में लगा फोन-पे स्पीकर खराब था। इसे ठीक कराने के लिए संबंधित लोगों से संपर्क किया गया था। 25 सितंबर को प्रतीक केरकेट्टा और सूरज नाम के व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और मोबाइल मांगकर उसे अनलॉक करवाया। इसके बाद उन्होंने फोन-पे स्पीकर की मरम्मत की और मोबाइल लेकर चले गए।
26 सितंबर को दोनों ने दोबारा फोन कर मोबाइल पर पेमेंट का मैसेज आने की जानकारी ली। मैसेज नहीं आने की बात बताने पर वे फिर दुकान पहुंचे और मोबाइल व फोन-पे स्पीकर लेकर काफी देर तक काम करने के बाद चले गए।
तीन दिन में छह बार निकली रकम
शिकायत के अनुसार मोबाइल चोरी होने के अगले ही दिन से बैंक खाते से रकम निकलनी शुरू हो गई। 25 सितंबर की रात खाते से एक लाख रुपये, 26 सितंबर की रात एक लाख रुपये तथा 27 सितंबर की रात चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 20 हजार, 20 हजार, 40 हजार और 20 हजार रुपये निकाले गए। इस तरह छह ट्रांजेक्शन में कुल तीन लाख रुपये खाते से निकल गए।
पीडि़त का आरोप है कि राजू तिर्की ने फोन-पे अधिकारी का नंबर बताकर एक अन्य मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया। बातचीत के दौरान संबंधित व्यक्ति और राजू तिर्की द्वारा रकम वापस दिलाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन शिकायत दर्ज होने तक रकम वापस नहीं की गई।
इसके बाद राम औतार कुशवाहा ने 2 अक्टूबर को जयनगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।