सूरजपुर

सुरक्षा कर्मियों को बंधक बना कुम्दा खदान से केबल काटकर चोरी
06-Oct-2026 8:54 PM
सुरक्षा कर्मियों को बंधक बना कुम्दा खदान से केबल काटकर चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 6 अक्टूबर। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की बंद पड़ी कुम्दा 7/8 भूमिगत खदान में हथियारों से लैस 15-20 अज्ञात लोगों के समूह द्वारा सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर भूमिगत खदान से करीब 80 मीटर लंबी पावर केबल काटकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है।  मामले में खदान के सुरक्षा प्रभारी ने बिश्रामपुर थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार घटना 5 अक्टूबर की रात करीब 8.30 बजे कुम्दा 7/8 भूमिगत खदान में हुई जहां करीब 15-20 अज्ञात व्यक्ति खदान के सरफेस क्षेत्र में पहुंचे और वहां तैनात कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर भयभीत किया। आरोप है कि समूह में शामिल करीब 5-6 लोग अस्त्र-शस्त्र से लैस थे।

घटना के दौरान करीब 10-12 लोग भूमिगत खदान के अंदर प्रवेश कर गए और लगभग 80 मीटर लंबी 70 स्क्वायर एमएम पावर चार्ज केबल काटकर अपने साथ ले गए। शिकायत में बताया गया है कि घटना के समय बंधक बनाए गए कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मी भय और दहशत की स्थिति में थे।

चोरी की गई केबल की अनुमानित कीमत करीब 2.08 लाख रुपये बताई गई है। खदान प्रबंधन ने कहा है कि इस प्रकार की घटना से खदान की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी हुई है।

सुरक्षा प्रभारी ने पुलिस से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चोरी गई केबल बरामद करने, घटना में शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी करने तथा खदान और वहां कार्यरत कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

डेढ़ साल से बंद है कुमदा की दोनों खदान

एसईसीएल बिश्रामपुर की कभी शान माने जाने वाली दोनों खदान कुम्दा सात आठ और बलरामपुर विगत करीब डेढ़ वर्षों से बंद पड़ी है।

कभी उक्त दोनों खदान लांगवाल पद्धति से कोयला निकालने के लिए कोल इंडिया में चर्चित हुई थी, चाइना के लांगवाल तकनीक के बाद दोनों खदानों शॉट वाल से कोयला निकाला गया। नब्बे के दशक की दोनों खदान बाद में लंबे समय तक घाटे में भी संचालित होती रही। सात आठ खदान 2024 में इसी क्लीयरेंस के ाभाव में कंपनी ने बंद कर दिया, जबकि बलरामपुर खदान भी जुलाई 2025 से ईसी के आभाव में बंद ही गई है। दोनों खदानों के घाटे में संचालित होने के कारण भी प्रबंधन ईसी क्लियरेंस न होने का बहाना बना खदान को बंद कर दिया है। दोनों बंद खदानों में अभी भी करीब पांच सौ अधिकारी कर्मचारी बैठ कर तनख्वाह ले रहे । खदान प्रबंधन का कहना है कि दोनों खदानों में पच्चीस लाख टन के करीब रिजर्व है इसे रेवन्यू शेयर मोड में देने के लिए कंपनी विचार कर रही है।


अन्य पोस्ट