सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 3 अक्टूबर। गत चार जून को नीलम कंपनी की लग्जरी बस से करीब आठ क्विंटल गांजा जब्ती के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को जयनगर पुलिस ने कटनी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अ. धुर्वे पवार पारधी उर्फ टर्रा ग्राम सिनगौड़ी फुटहा टोला खिरवा, जिला कटनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपी फरार था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे कटनी से पकड़ा।
गौरतलब है कि चार जून को ओडिशा से झाड़ू के साथ गठरियों में छिपाकर करीब आठ क्विंटल गांजा लेकर दर्जनों महिला-पुरुष अंबिकापुर पहुंचे थे। इसके बाद नीलम कंपनी की बस बुक कर सभी कटनी के लिए रवाना हुए। सिलफिली के कुछ युवकों को गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर उन्होंने डायल-112 को सूचना दी और बस का पीछा किया।
पुलिस टीम को देखकर बस को रुकवाया गया, जबकि बस में सवार कुछ युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो झाड़ू के नीचे कई गठरियों में छिपाकर रखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा सहित बस को जब्त कर चालक और करीब आधा दर्जन महिलाओं को गिरफ्तार किया था।
इस मामले में पुलिस अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। करीब एक माह पूर्व भी पुलिस ने कटनी से एक अन्य फरार आरोपी को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार मामले में अभी भी कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।