सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 1 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों की भाषायी क्षमता विकसित करने के लिए जिला प्रशासन ने सूर्योदय सूरजपुर और शब्दबीज नामक शैक्षणिक नवाचार शुरू किया है। साधुराम ऑडिटोरियम में आयोजित करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में अतिथियों ने दोनों पत्रिकाओं का विमोचन किया।
सूर्योदय सूरजपुर में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शालाओं में गुणवत्तापूर्ण अध्यापन और बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई है। इसमें कक्षा पहली से आठवीं तक बच्चों में ज्ञान, कौशल, समझ एवं अभिव्यक्ति के विकास के साथ बुनियादी साक्षरता, संख्या ज्ञान, तर्क, विश्लेषण, समस्या समाधान और रचनात्मकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।
वहीं शब्दबीज—एक शब्द प्रतिदिन, ज्ञान का वृक्ष जीवनभर पहल के तहत बच्चों को प्रतिदिन एक नया शब्द सिखाया जाएगा। शिक्षक प्रतिदिन करीब 10 मिनट की गतिविधि के माध्यम से नए शब्द का परिचय कराएंगे तथा शनिवार को सप्ताहभर सीखे शब्दों की रोचक गतिविधियों के जरिए पुनरावृत्ति कराई जाएगी।
बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए माह में ‘शब्दवीर’ और वर्ष के अंत में ‘शब्दबीज चैंपियन’ सम्मान का आयोजन किया जाएगा।
वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने पहल को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों में ज्ञान, कौशल, समझ और अभिव्यक्ति का विकास करना है। उन्होंने विद्यालय, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं समुदाय की सहभागिता से इन पहलों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में अशोक एवं बहेरा के बीज रोपित कर नियमित देखभाल से बीज के वृक्ष बनने और सतत अभ्यास से बच्चों के ज्ञान एवं अभिव्यक्ति के विकसित होने का संदेश दिया गया।