सूरजपुर
चार दिन से लापता था, आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 30 सितंबर। हाथियों के विचरण के बीच दरहोरा गांव में बुधवार को हाथी के हमले में 30 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान प्रमोद राजवाड़े, पिता कामेश्वर राजवाड़े के रूप में हुई है। प्रमोद रविवार से लापता था और परिजन व ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को खेत में उसका शव मिलने के बाद गांव में शोक के साथ ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, प्रमोद के लापता होने के बाद परिजन और ग्रामीण आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान खेत के आसपास हाथी के पैरों के निशान दिखाई दिए। ग्रामीणों ने निशानों का पीछा किया तो खेत में प्रमोद का शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया हाथी के हमले से उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित विभाग की आधिकारिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इसके बावजूद संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त मुनादी, निगरानी और रात में गश्त नहीं की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाथियों की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद लोगों को समय रहते पर्याप्त रूप से सतर्क नहीं किया गया।
मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने, हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर करने तथा प्रभावित गांवों में वन अमले की रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है।
ग्रामीणों ने मांगें पूरी नहीं होने पर वन विभाग कार्यालय का घेराव करने सहित आंदोलन की चेतावनी दी है। घटना के बाद क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष को लेकर चिंता और ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर नाराजगी बनी हुई है।