सूरजपुर

वोट चोरी का आरोप: 28 को कांग्रेस निकालेगी विरोध मार्च
26-Sep-2026 8:55 PM
वोट चोरी का आरोप: 28 को कांग्रेस निकालेगी विरोध मार्च

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 26 सितंबर। भारतीय निर्वाचन आयोग को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर द्वारा 28 सितंबर को विरोध मार्च निकाला जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सोमवार को दोपहर 3 बजे अग्रसेन चौक से जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला जाएगा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के भीतर सामने आए कथित खुलासे चिंताजनक हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 महीनों के दौरान दो निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा लिए गए निर्णयों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज की हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान नए मतदाताओं को जोडऩे, मतदाताओं के नाम हटाने तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली को दिल्ली में केंद्रीकृत करने जैसे मामलों में अन्य निर्वाचन आयुक्तों को पूरी जानकारी नहीं दी गई। पार्टी ने इन मुद्दों को चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जोड़ते हुए व्यापक समीक्षा की मांग की है।

जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों तथा मतदाता सूची में किए गए बदलावों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग की है। पार्टी ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग रखी है।

कांग्रेस ने कहा है कि जब तक उसकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।


अन्य पोस्ट