सूरजपुर
शोभायात्रा के साथ बप्पा को दी विदाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 सितंबर। ग्राम पंचायत जयनगर के बाजारपारा में इस वर्ष गणेशोत्सव आस्था, भक्ति और भव्यता के अनूठे संगम के रूप में नजर आया। नवयुवक गणेश पूजा समिति जयनगर द्वारा लगातार 19वें वर्ष आयोजित गणेशोत्सव में इस बार केदारनाथ धाम की थीम पर करीब 60 फीट ऊंचा विशाल पंडाल तैयार किया गया था, जो पूरे क्षेत्र में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। पंडाल की आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी और धार्मिक वातावरण ने जयनगर बाजारपारा को मानो मिनी केदारनाथ धाम का स्वरूप प्रदान कर दिया।
पंडाल के भीतर भगवान श्रीगणेश की करीब 10 फीट ऊंची प्रतिमा शिव अंश की थीम पर तैयार कराकर विराजित की गई थी। विशाल प्रतिमा और भव्य पंडाल को देखने तथा भगवान गणेश के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जयनगर से गुजरने वाले लोग भी पंडाल की भव्यता से आकर्षित होकर कुछ पल रुककर दर्शन करते नजर आए।
पंडाल निर्माण में केदारनाथ मंदिर की वास्तुकला और धार्मिक स्वरूप को ध्यान में रखते हुए विशेष सजावट की गई थी। विशाल प्रवेश द्वार, आकर्षक झूमर, रंगीन विद्युत झालर और थीम आधारित सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रही। दिन में जहां पंडाल श्रद्धा और आस्था का केंद्र बना रहा, वहीं शाम ढलते ही रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता पंडाल अपनी भव्यता से लोगों का ध्यान खींचता रहा। गणेशोत्सव के दौरान बाजारपारा का यह पंडाल पूरे कोयलांचल क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान श्रीगणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन किया गया। इसके बाद शाम को आकर्षक ढंग से सजे वाहन में भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय गीतों के बीच निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
शोभायात्रा जयनगर से निकलकर एनएच-43 के किनारे ग्राम पंचायत कुरुवां स्थित रेण नदी पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के साथ अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना की।
ज्ञात हो कि नवयुवक गणेश पूजा समिति जयनगर द्वारा लगातार 19 वर्षों से गणेशोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष अलग-अलग थीम और आकर्षक सजावट के माध्यम से गणेशोत्सव को नया स्वरूप देने का प्रयास किया जाता है। इस वर्ष केदारनाथ धाम की थीम पर तैयार 60 फीट ऊंचे पंडाल और शिव अंश में निर्मित 10 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा ने आयोजन को खास बना दिया। वही नगर के बीचोबीच राधा कृष्ण मंदिर अग्रवाल धर्मशाला में भी आकर्षक पंडाल में गणेश जी की भव्य प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही।यहां पूरे दस दिनों तक रोजाना विविध आयोजनों के बीच गणपति उत्सव धूमधाम से मनाया गया।आयोजन को सफल बनाने युवा समिति के पदाधिकारी कार्यकर्ता सक्रिय रहे।