सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 सितंबर। पार्वती इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग रिसर्च एंड मैनेजमेंट शिक्षा महाविद्यालय, मदनपुर में बीएड प्रथम सेमेस्टर के प्रशिक्षार्थियों ने शनिवार को कर्मा पर्व उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. छबि रानी मंडल ने कर्मा पर्व के महत्व और इसकी परंपराओं पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षार्थियों ने कर्मा पर्व पर भाषण, कर्मा गीत और सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति की छटा बिखेरी। सहायक प्राध्यापकों ने भी कर्मा पर्व के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।
वक्ताओं ने बताया कि कर्मा पर्व खुशियों और भाई-बहन के स्नेह का पर्व है। बहनें भाई की लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं, वहीं किसान नई फसल के आगमन पर खुशियां मनाते हैं। पर्व पर करम पेड़ की पूजा कर प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया जाता है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों को निरंतर कर्म करने, प्रकृति से जुड़े रहने और अपनी संस्कृति को संजोकर रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर प्रीति सोनी, उपेंद्र कुमार रवि, जयमाला सिंह, संतोष कुमार रानाडे, अरुण कुमार दुबे, अपराजिता कैवर्त्य, सुनीता राज, निशा सरकार सहित महाविद्यालय के कर्मचारी व प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।