सूरजपुर

महाविद्यालय में मना एनएसएस स्थापना दिवस
26-Sep-2026 4:49 PM
महाविद्यालय में मना एनएसएस स्थापना दिवस

 प्रशिक्षार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, एनएच-43 के गड्ढे भरे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिश्रामपुर,26 सितंबर। पार्वती इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग रिसर्च एंड मैनेजमेंट शिक्षा महाविद्यालय, मदनपुर, सिलफिली में बीएड प्रथम सेमेस्टर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के प्रशिक्षार्थियों द्वारा 24 सितंबर को एनएसएस स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके बाद स्वामी विवेकानंद और मां भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर लक्ष्य गीत का गायन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. छवि रानी मंडल ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलकर जीवन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों एवं स्वयंसेवकों ने भी एनएसएस की भूमिका और सामाजिक सरोकारों पर अपने विचार रखे। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार दुबे ने स्वयंसेवकों के जीवन में राष्ट्रीय सेवा योजना के योगदान और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने समाज एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रशिक्षार्थियों को प्रेरित किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर बीएड प्रथम सेमेस्टर के प्रशिक्षार्थियों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए एनएच-43 पर बने गड्ढों को भरने का कार्य किया। प्रशिक्षार्थियों ने बताया कि सडक़ पर बने बड़े गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए उन्होंने श्रमदान कर गड्ढों को भरकर सडक़ को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाने में योगदान दिया। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक प्रीति सोनी, उपेंद्र कुमार रवि, जयमाला सिंह, संतोष कुमार रानाडे, अपराजिता कैवर्त्य, निशा गुप्ता, सुनीता राज, निशा सरकार सहित कार्यालय के कर्मचारी, प्राध्यापक एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।—


अन्य पोस्ट