सूरजपुर
भैयाथान-सूरजपुर मार्ग की बदहाली, निराकरण की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 26 सितंबर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भैयाथान ने शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विधात्री सिंह देव के नेतृत्व में तथा भटगांव के पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े एवं जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह देव की उपस्थिति में एसडीएम के नाम तहसीलदार उमेश कुशवाहा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर से आम उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों और भैयाथान-सूरजपुर मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विधात्री सिंह देव ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल, मीटर रीडिंग और विद्युत खपत को लेकर उपभोक्ताओं की ओर से शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने इन शिकायतों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा प्रभावित उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था सीधे आम परिवारों से जुड़ी है, इसलिए उपभोक्ताओं की शिकायतों की अनदेखी के बजाय संबंधित विभाग द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस ने भैयाथान-सूरजपुर मुख्य मार्ग की बदहाली का मुद्दा भी प्रशासन के समक्ष उठाया। मार्ग के कई हिस्सों में सडक़ खराब होने तथा जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन विद्यार्थी, कर्मचारी, किसान, व्यापारी, मरीज सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक आवागमन करते हैं। कांग्रेस ने प्रशासन से मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने की मांग की।
समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
विधात्री सिंह देव ने कहा कि स्मार्ट मीटर और जर्जर सडक़ दोनों ही आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से दोनों समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समय पर समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस जनहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करेगी। इस दौरान हरि गुप्ता, नूर आलम, शांतनु सिंह, आशीष सिंह, मंडल अध्यक्ष रजमोहन राजवाड़े, मनोहर राजवाड़े, विनय पावले, नीरज सिंह, अतुल पाटिल, नंदू गुप्ता, विकास गुप्ता, प्रांजल, कौशल राजवाड़े, विनोद यादव सहित महिला वर्ग से राधा देवी, निर्मला ठाकुर, मंजू, सरिता रजत, दुर्गा सारथी, संगीता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।