सूरजपुर

झिलमिली थाने में एसपी का देर रात औचक निरीक्षण, रात्रि गश्त और अभिलेखों की जांच
23-Sep-2026 7:57 PM
झिलमिली थाने में एसपी का देर रात औचक निरीक्षण, रात्रि गश्त और अभिलेखों की जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 23 सितंबर। सूरजपुर जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने सोमवार  देर रात  झिलमिली थाना का औचक निरीक्षण किया। अचानक थाने पहुंचे एसपी ने थाना परिसर, पुलिसिंग व्यवस्था और रात्रि गश्त का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस जवानों से क्षेत्र की बुनियादी जानकारी, अपराधियों के रिकॉर्ड तथा पूर्व की घटनाओं से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने ए  एवं बी नोटबुक की जांच करते हुए आवश्यक प्रविष्टियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। जवानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें भी सुनीं तथा नियमानुसार निराकरण का आश्वासन दिया।

एसपी ने थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त की व्यवस्था की विस्तृत जानकारी लेते हुए गश्ती दल की ड्यूटी, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्त प्रभावी और सतर्क तरीके से संचालित हो, ताकि असामाजिक तत्वों पर निगरानी के साथ आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास कायम रहे।

इस दौरान एसपी ने थाने के विभिन्न पंजियों, रोजनामचा और अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया।

सीसीटीएनएस में नियमित एंट्री, निगरानी बदमाशों की चेकिंग तथा रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की भी जांच की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यों का निष्ठा, अनुशासन और सजगता के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी झिलमिली उप निरीक्षक सरफराज फिरदौसी सहित थाना के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट