सूरजपुर

कोयलांचल में आस्था और उल्लास के साथ मना करमा पर्व
22-Sep-2026 8:48 PM
कोयलांचल में आस्था और उल्लास के साथ मना करमा पर्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 22 सितंबर। कोयलांचल सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में मंगलवार को पारंपरिक करमा पर्व भक्तिभाव, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल रहा। घर-आंगन से लेकर पूजा स्थलों तक करम देव की आराधना की तैयारियां की गईं।

महिलाओं एवं युवतियों ने श्रद्धापूर्वक उपवास रखकर करम देव की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। पूजा स्थलों पर करम डाल की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा संपन्न की गई। इस दौरान करमा गीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर देर शाम तक पूजा-अर्चना और पारंपरिक उत्सव का सिलसिला चलता रहा।

करमा पर्व आदिवासी एवं ग्रामीण संस्कृति से जुड़ा प्रमुख लोकपर्व है। यह प्रकृति, कृषि और सामाजिक समरसता से जुड़ी लोक परंपराओं को जीवंत रखने का माध्यम भी है। पर्व के दौरान परिवार और समाज के लोग एकजुट होकर पूजा-अर्चना करते हैं, जिससे आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की भावना मजबूत होती है।

पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण अंचलों में करमा गीतों और लोक संस्कृति की छटा देखने को मिली। मंगलवार को पूजा-अर्चना और उपासना के बाद बुधवार को विधि-विधान के साथ पारण किया जाएगा।

पूरे कोयलांचल में दिनभर आस्था, उमंग और उत्सव का माहौल बना रहा।


अन्य पोस्ट