सूरजपुर

नौकरी के नाम पर साढ़े 3 लाख की ठगी, एक बंदी
21-Sep-2026 9:27 PM
नौकरी के नाम पर साढ़े 3 लाख की ठगी, एक बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 21 सितंबर। एसईसीएल में नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख 55 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में खडग़वां पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम खडग़वां माझापारा निवासी ललित राम ने चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि निलेश पाल और उसके दो साथियों ने फर्जी एसईसीएल अधिकारी बनकर नौकरी लगाने का झांसा दिया और उससे 3 लाख 55 हजार रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी खडग़वां में अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत धारा 318(4), 338, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी निलेश पाल (38), निवासी सरभोका, चौकी घाट के नीचे नागपुर, थाना पोड़ी, जिला एमसीबी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर फोन-पे और नगद के माध्यम से रकम लेने की बात स्वीकार की। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी मनोज सिंह सहित पुलिस टीम सक्रिय रही।


अन्य पोस्ट