सूरजपुर
मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में लिया दाखिला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 20 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के ऐसे युवाओं की प्रेरक सफलताओं को सामने लाया जा रहा है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और दृढ़ संकल्प से लक्ष्य हासिल किया। प्रेमनगर के त्रिभुवन प्रताप सिंह भी इनमें शामिल हैं। कक्षा नौवीं से श्रवण संबंधी समस्या का सामना कर रहे त्रिभुवन ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में प्रवेश प्राप्त किया है। चिकित्सा शिक्षा पूरी करने के बाद वे अपने परिवार के पहले डॉक्टर बनेंगे।
नीट में सफलता पर कलेक्टर सूरजपुर रेना जमील ने त्रिभुवन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समाज कल्याण विभाग की ओर से उन्हें श्रवण यंत्र भी प्रदान किया गया, जिससे पढ़ाई और दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके।
त्रिभुवन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्रेमनगर में हिंदी माध्यम से पूरी की। नीट की तैयारी के दौरान उन्होंने एनसीईआरटी पुस्तकों को आधार बनाया और प्रतिदिन 9 से 10 घंटे स्व-अध्ययन किया। नियमित पढ़ाई, कठिन विषयों का लगातार अभ्यास और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता उनकी सफलता का आधार बनी। किसान अजीत राम के बेटे त्रिभुवन ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत जारी रखी। उनका कहना है कि सुनने में परेशानी के बावजूद उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटाया। उनकी उपलब्धि संसाधनों की कमी या शारीरिक चुनौतियों का सामना कर रहे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन रही है।