सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 19 सितंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला अधिवक्ता संघ एवं परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिलान न्यायालय परिसर में मोटर वाहन अधिनियम एवं सडक़ सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मचारियों एवं अधिवक्ता लिपिकों को यातायात नियमों और सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान परिवहन विभाग के सहयोग से पात्र लोगों के लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। कुल 83 लोगों के लाइसेंस बनाए गए। प्रतिभागियों को मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों, यातायात नियमों तथा सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष थॉमस एक्का के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो के निर्देशन में आयोजित हुआ। जिला अधिवक्ता संघ का भी आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
शिविर में बताया गया कि सडक़ सुरक्षा केवल यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ अन्य सडक़ उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।