सूरजपुर

अर्बन बैंक ने मृत शेयरधारक का साढ़े 7 लाख का कर्ज किया माफ
19-Sep-2026 9:30 PM
अर्बन बैंक ने मृत शेयरधारक का साढ़े 7 लाख का कर्ज किया माफ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 19 सितंबर। अर्बन बैंक बिलासपुर ने एक मृत शेयरधारक रेल कर्मचारी के परिवार को राहत देते हुए उनके बकाया ऋण को माफ किया है। बैंक के निदेशक रामकुमार यादव ने बताया कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के निर्णय के तहत 12 जनवरी को इंश्योरेंस बेस्ड स्कीम लागू की गई थी। इसके अंतर्गत शेयरधारक की मृत्यु होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिवार को ऋण के भार से राहत देने का प्रावधान किया गया है।

यादव के अनुसार, बिलासपुर शाखा में यह इस योजना के तहत पहला प्रकरण है। शेयरधारक मुकेश कुमार तिवारी, टीएमओ/इंजीनियरिंग/बिलासपुर, ने 8 लाख रुपये का ऋण लिया था। एक किस्त का भुगतान करने के बाद उनका निधन हो गया। उनके ऋण की बकाया राशि 7 लाख 40 हजार 864 रुपये थी, जिसे सोसाइटी ने गारंटी फंड डेथ रिलीफ के तहत माफ कर दिया।

इसके अलावा शेयरधारक के खाते में जमा 2 लाख 76 हजार 306 रुपये (सीएमटीडी एवं शेयर राशि) उनकी पत्नी गीता तिवारी को 18 सितंबर को भुगतान किए गए।

बैंक निदेशक रामकुमार यादव ने बताया कि यह व्यवस्था वर्तमान बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के निर्णय के तहत लागू की गई है, जिससे शेयरधारक की मृत्यु की स्थिति में उनके परिवार को ऋण संबंधी आर्थिक भार से राहत मिल सके।


अन्य पोस्ट