सूरजपुर
सूरजपुर,17 सितंबर। सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत एक माह तक विभिन्न जनसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में गुरुवार को जिला चिकित्सालय सूरजपुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया।
मंत्री ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण कराया और कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से जरूरतमंद मरीज का जीवन बचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने नागरिकों से अभियान के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए 17 सितंबर की शाम घरों में दीप जलाने का आह्वान किया।
प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने रक्तदान शिविर को सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन बताया। जनपद पंचायत सूरजपुर अध्यक्ष स्वाती सिंह ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान की अपील की।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त समूह जांच सहित आवश्यक व्यवस्थाएं कीं। युवाओं समेत विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।