सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 15 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक हुई। बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैंकरा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री बघेल ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे जिले के प्रत्येक गांव, पंचायत और नागरिक तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जाए। उन्होंने पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य परीक्षण, कार्यकर्ताओं का सम्मान और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान और सरकार आपके द्वार सहित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ अभियान को भव्य एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर रेना जमील ने अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की क्रमवार जानकारी दी। बैठक में डीएफओ विपुल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर नयनतारा सिंह तोमर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।