सूरजपुर

बाघ संरक्षण के लिए वन अमले को दिया प्रशिक्षण
14-Sep-2026 8:29 PM
बाघ संरक्षण के लिए वन अमले को दिया प्रशिक्षण

सूरजपुर, 14 सितंबर। बाघों की सुरक्षा, निगरानी और मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने के लिए सूरजपुर वनमंडल में 12 एवं 13 सितंबर को दो दिवसीय टाइगर प्रोटेक्शन एवं मॉनिटरिंग प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। वन विभाग के निर्देश पर आयोजित कार्यशाला में वन अमले को बाघों की निगरानी, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और फील्ड प्रोटेक्शन की तकनीकों की जानकारी दी गई।

पहले दिन वनमंडल कार्यालय में कक्षा आधारित प्रशिक्षण में बाघों की वर्तमान एवं ऐतिहासिक उपस्थिति, मूवमेंट, कॉरिडोर कनेक्टिविटी, एनटीसीए टाइगर मैपिंग तथा बाघों की मृत्यु के संभावित कारणों पर चर्चा हुई। दूसरे दिन कोरिया वनमंडल के कटकोना कोलियरी/टेमरी बीट क्षेत्र में फील्ड प्रशिक्षण दिया गया। इसमें ट्रैप कैमरा इंस्टॉलेशन, पेट्रोलिंग, पगमार्क व डंग एनालिसिस, मवेशी शिकार की पहचान तथा एंटी-स्नैर वॉक का अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण में सूरजपुर, कोरिया एवं मनेन्द्रगढ़ वनमंडल, गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व और एलिफेंट रिजर्व के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

प्रशिक्षण का संचालन छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य एवं उप निदेशक एलिफेंट रिजर्व गौरव निहलानी ने किया। कार्यशाला में ग्रामीणों, चरवाहों एवं स्कूली बच्चों को संरक्षण गतिविधियों से जोडऩे तथा ‘बाघ चौपाल’ जैसे जागरूकता कार्यक्रमों पर भी जोर दिया गया।


अन्य पोस्ट