सूरजपुर
नशामुक्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का दिया संदेश
सूरजपुर, 13 सितंबर। हलवाई महासभा सरगुजा संभाग के तत्वावधान में केनापारा तेलईकछार स्थित बाबा गणिनाथ मंदिर परिसर में शनिवार को बाबा गणिनाथ पूजन एवं वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में सरगुजा संभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों से हलवाई समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया। शांति हेल्थ केयर हॉस्पिटल अंबिकापुर के सहयोग से आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मोहित गुप्ता ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। पूर्णिमा गुप्ता के नेतृत्व में हेल्थ एवं वेलनेस शिविर भी आयोजित हुआ।
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय अंबिकापुर की प्रधान संचालिका विद्या देवी एवं सहयोगियों ने नशामुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर जागरूक किया तथा उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं और प्रतिभाओं को समाज गौरव अलंकरण से सम्मानित किया गया। नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल में प्रवेश प्राप्त करने वाली प्रज्ञा गुप्ता एवं उनके परिवार का भी सम्मान किया गया।
युवा एवं महिला मोर्चा के सहयोग से सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सदस्य सुरेश गुप्ता, प्रदेशाध्यक्ष रमेश गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सुरेश गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश्वर गुप्ता, सूरजपुर जिलाध्यक्ष हलधर गुप्ता, सरगुजा जिलाध्यक्ष राजन गुप्ता, कोरिया जिलाध्यक्ष महेंद्र गुप्ता, एमसीबी जिलाध्यक्ष तुलसी साव सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान सामाजिक एकता, शिक्षा-स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।