सूरजपुर

बदहाल सडक़ों, स्मार्ट मीटर और महंगी चीनी के विरोध में कांग्रेस का चक्काजाम
12-Sep-2026 9:25 PM
बदहाल सडक़ों, स्मार्ट मीटर और महंगी चीनी के विरोध में कांग्रेस का चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 12 सितंबर। बदहाल सडक़ों, स्मार्ट मीटर के नाम पर बढ़े बिजली बिल, चीनी के बढ़ते दाम और अन्य मूलभूत जनसमस्याओं को लेकर शनिवार को लटोरी में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लटोरी के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन के बाद चक्काजाम किया गया, जिससे लटोरी-कल्याणपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आमजन से जुड़े मुद्दों का तत्काल निराकरण किए जाने की मांग की। धरना प्रदर्शन में पूर्व भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े, कांग्रेस जिला प्रभारी द्वितेंद्र मिश्र, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवती राजवाड़े, ब्लॉक प्रभारी इम्तियाज जफर, ब्लॉक अध्यक्ष कंवल बिहारी सिंह टेकाम तथा पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोवर्धन सिंह मरकाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला प्रभारी द्वितेंद्र मिश्र ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल की ऐसी कोई उपलब्धि नजर नहीं आ रही है, जिसका आम जनता को सीधा लाभ मिला हो। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि किसी को सरकार की कोई उपलब्धि दिखाई देती है तो वह उसे बताएं, उसे इनाम दिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का लाभ आम लोगों की बजाय बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है और गरीब एवं मध्यम वर्ग लगातार परेशानियों से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आमजन के अधिकारों और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सडक़ पर उतरती रहेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने भाजपा की डबल इंजन सरकार को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि प्रदेश में सडक़ की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में खराब सडक़ों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि बार-बार मांग और शिकायत के बावजूद लोगों को सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं।

उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रही है। वहीं चीनी के दाम में बढ़ोतरी का असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार से पहले ही परेशान आमजन अब रोजमर्रा की जरूरतों के सामान के बढ़ते दाम से परेशान है।

शशि सिंह ने कहा कि यदि सरकार आम जनता की समस्याओं को इसी तरह नजरअंदाज करती रही तो कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है। जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और सरकार को जनता की आवाज सुनने के लिए मजबूर किया जाएगा।

 पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आमजन मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होने को विवश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें लगातार नजरअंदाज कर रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और लोगों की मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस आगामी दिनों में इससे भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से लटोरी-कल्याणपुर मार्ग की मरम्मत सहित क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई। चक्काजाम के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित होने के बाद संबंधित प्रशासनिक स्तर पर बातचीत की गई। आंदोलनकारियों को लटोरी-कल्याणपुर मार्ग की मरम्मत सहित अन्य मांगों को जल्द पूरा किए जाने का लिखित आश्वासन दिया गया। इसके बाद कांग्रेस ने अपना आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि आश्वासन के अनुरूप मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी दिनों में आंदोलन को फिर से तेज किया जाएगा।


अन्य पोस्ट