सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 12 सितंबर। एसईसीएल बिश्रामपुर में श्रम संगठनों के दो दिवसीय सदस्यता सत्यापन का कार्य कल पूरा हुआ। दो दिन तक चले सदस्यता सत्यापन में क्षेत्र में बीएमएस एक बार फिर नंबर वन का ताज अपने नाम किया है।
दूसरे दिन के सदस्यता सत्यापन के अंतिम आंकड़े के मुताबिक 879 सदस्यों के साथ बीएमएस पहले स्थान पर है वहीं एटक 791 सदस्यों के साथ दूसरे नंबर पर रही, वहीं 243 सदस्यों के साथ एचएमएस तीसरे स्थान पर रही, जबकि इंटक केवल एक सदस्य बना पाया ,जबकि नोटा के पक्ष में 37 सदस्यों ने अपना समर्थन जताया है।
दो दिवसीय सदस्यता सत्यापन के दौरान जो भी श्रमिक इस दौरान अवकाश में हैं, उन्हें अंतिम अवसर के रूप 19 सितम्बर को प्रबंधन के समक्ष उपस्थित होकर किस यूनियन में वे सदस्यता देना चाहते हैं ये बताना होगा। दूसरे दिन तक के सत्यापन कार्य में अब तक 1936 श्रमिकों के सदस्यता के सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब करीब सौ सदस्यों का सत्यापन शेष रह गया है।
आज अंतिम आंकड़े आने के बाद बीएमएस के पदाधिकारी कार्यकर्ता एक दूसरे को बधाई देते दिखे। बीएमएस और एटक में इस वर्ष महज 88 सदस्यों का अंतर रह गया है। एटक ने कड़ी मेहनत कर बीएमएस के समक्ष तगड़ी चुनौती पेश कर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराया है।
भटगांव क्षेत्र में भी बीएमएस पहले के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। भटगांव क्षेत्र में बीएमएस का मुकाबला सीधे एचएमएस से था। यहां एचएमएस 895 सदस्यों के साथ टॉप पर रही, जबकि बीएमएस 803 सदस्यों के साथ नंबर दो एटक यहां तीसरे नंबर पर रही उसे 131 सदस्यों का समर्थन मिला, जबकि इंटक यहां 185 सदस्यों का समर्थन हासिल करने में सफल रही जबकि नोटा में 32 सदस्यों ने अपना समर्थन दिया। यहां कुल आंकड़े 2046 बताए गए हैं।
बिश्रामपुर में बीएमएस नम्बर एक रही, वहीं भटगांव में नम्बर दो रही। एबीकेएमएस महामंत्री सुजीत सिंह ने संघ के प्रदर्शन के लिए सभी कार्यकर्ताओं मजदूर साथियों का आभार जताया है।