सूरजपुर

नाबालिगों को गाड़ी दी, 4 मालिकों पर कार्रवाई
11-Sep-2026 9:14 PM
नाबालिगों को गाड़ी दी, 4 मालिकों पर कार्रवाई

सूरजपुर,11 सितंबर। नाबालिगों के वाहन चलाने पर रोक लगाने सूरजपुर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। यातायात चेकिंग के दौरान चार नाबालिगों को मोटरसाइकिल चलाते पकड़ा गया। पुलिस ने उनके परिजनों को बुलाकर समझाइश दी और संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।

पकड़े गए वाहनों में सीजी 29 एई 5054, सीजी 16 सीयू 4636, सीजी 29 एडी 3382 और सीजी 29 एएच 5698 शामिल हैं। पुलिस ने वाहन मालिकों के विरुद्ध इस्तगाशा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।

यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय ने बताया कि कम उम्र में वाहन चलाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। नाबालिग स्वयं के साथ अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी खतरा बन सकते हैं। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि निर्धारित आयु पूरी होने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही बच्चों को वाहन चलाने दें।

पुलिस के अनुसार नाबालिग को वाहन चलाने देने पर वाहन स्वामी अथवा अभिभावक के विरुद्ध कार्रवाई के साथ 25 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। सडक़ सुरक्षा को लेकर वाहन चेकिंग और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।  


अन्य पोस्ट