सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 11 सितंबर। सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय सूरजपुर का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, नस्तियों के संधारण और लंबित प्रकरणों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत उपयोग करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने अधीक्षक शाखा और आवक-जावक शाखा का निरीक्षण कर ई-ऑफिस के संचालन तथा पत्राचार की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मैनुअल फाइलों के स्थान पर डिजिटल प्रणाली का अनिवार्य उपयोग किया जाए, ताकि पत्रों की निगरानी और उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके।
वित्त एवं अतिरिक्त न्यायालय शाखा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरबीसी 6-4 सहित अन्य लंबित प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
इसके बाद संभागायुक्त ने भू-अभिलेख, खाद्य विभाग सहित अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी नस्तियों एवं अभिलेखों का व्यवस्थित, अद्यतन और सुरक्षित संधारण सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान कलेक्टर रेना जमील, उपायुक्त आर.के. खूंटे, उपायुक्त शारदा अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उपायुक्त आर.के. खूंटे और शारदा अग्रवाल ने भी फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर कलेक्टर रेना जमील, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले और एसडीएम शिवानी जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।