सूरजपुर
सूरजपुर,11 सितंबर। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र में श्रमिक संगठनों का दो दिवसीय सदस्यता सत्यापन गुरुवार से शुरू हुआ। पहले दिन हुए सत्यापन में बीएमएस 625 सदस्यों के साथ सबसे आगे रही, जबकि एटक 557 सदस्यों के साथ दूसरे स्थान पर रही। एचएमएस को 164, जबकि नोटा को 22 वोट मिले। इंटक का पहले दिन खाता नहीं खुल सका। बिश्रामपुर क्षेत्र में करीब 2200 का मैनपावर है, जिसमें 146 अधिकारी हैं। इस लिहाज से करीब 2050 श्रमिकों का सदस्यता सत्यापन होना है। नए लेबर कोड के बाद इस बार जारी नई गाइडलाइन के अनुसार श्रमिक केवल एक यूनियन की सदस्यता ले सकता है। पहले श्रमिक एक से अधिक यूनियनों की सदस्यता राशि कटवा सकते थे। पहले दिन कुल 1368 श्रमिकों का सत्यापन पूरा हुआ।
सीटू ने चेकऑफ सिस्टम से खुद को अलग रखा है और अपने सदस्यों से सदस्यता शुल्क नकद लेने की व्यवस्था की है। दो दिवसीय प्रक्रिया के बाद अवकाश पर चल रहे कर्मचारियों के लिए 19 सितंबर को सदस्यता सत्यापन किया जाएगा। बिश्रामपुर में बीएमएस लंबे समय से नंबर एक यूनियन बनी हुई है, जबकि एटक लगातार अपनी स्थिति मजबूत करते हुए उसे चुनौती दे रही है। वहीं एचएमएस की स्थिति लगातार कमजोर होने की बात सामने आ रही है। दूसरी ओर भटगांव क्षेत्र में हुए सदस्यता सत्यापन में एचएमएस ने अपना नंबर एक स्थान बरकरार रखा है, जबकि बीएमएस दूसरे स्थान पर रही और उसने अपनी स्थिति में सुधार किया है।