सूरजपुर

एसईसीएल ने 65 टीबी मरीजों को लिया गोद, पोषण आहार का किया वितरण
10-Sep-2026 3:20 PM
एसईसीएल ने 65 टीबी मरीजों को लिया गोद, पोषण आहार का किया वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 10 सितंबर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत वर्ष 2030 तक देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर सूरजपुर जिले में सामाजिक सहभागिता लगातार बढ़ रही है। जिला प्रशासन के प्रयासों से एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र ने सीएसआर मद के तहत सूरजपुर एवं रामानुजनगर विकासखंड के 65 टीबी मरीजों को गोद लिया है।

जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार सिंह ने सभी चिन्हित मरीजों को फूड बास्केट एवं पोषण आहार वितरित किया। पोषण किट में उपचार अवधि के दौरान मरीजों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों से युक्त खाद्य सामग्री शामिल की गई।

महाप्रबंधक संजय कुमार सिंह ने कहा कि टीबी से लड़ाई में दवाइयों के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए एसईसीएल सामाजिक दायित्व के तहत निरंतर सहयोग करता रहेगा।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने मरीजों एवं उनके परिजनों को पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित रूप से दवा लेने और उपचार की निर्धारित अवधि पूरी करने की अपील की। जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा ने टीबी के लक्षण, नियमित दवा सेवन तथा शासन की ओर से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।


अन्य पोस्ट