सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 10 सितंबर। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने मंगलवार को जिले के पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर लंबित अपराध, चालान और मर्ग प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण विवेचना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि सिर्फ एफआईआर दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आरोपी को न्यायालय से सजा दिलाना पुलिस का लक्ष्य होना चाहिए। इसके लिए घटनाओं के कारण, परिस्थितियों, आरोपियों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों की गहन जांच करते हुए वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाने पर जोर दिया।
बैठक में बीट पुलिसिंग मजबूत करने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित जांच, क्षेत्र में सतत पेट्रोलिंग तथा आम नागरिकों से बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही साइबर अपराध, नशे और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने कहा गया। सीसीटीवी नेटवर्क बढ़ाने पर जोर
एसपी ने अपराध नियंत्रण और अपराधियों की पहचान के लिए प्रमुख स्थानों तथा शहर से बाहर जाने वाले मार्गों पर जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क बढ़ाने के निर्देश दिए। दुकानदारों और नागरिकों को घरों एवं प्रतिष्ठानों के आसपास ऐसे कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने कहा गया, जिनका फोकस मुख्य मार्ग और आने-जाने वाले रास्तों पर हो। आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए प्रतिमा स्थापना स्थलों का निरीक्षण करने, आयोजकों से समन्वय स्थापित करने तथा भीड़, यातायात और कानून-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी अभिषेक पैंकरा, राजेन्द्र मंडावी, अनूप एक्का सहित डीएसपी, थाना-चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।