सूरजपुर
साढ़े 5 लाख की वसूली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,9 सितंबर। विद्युत देयकों के बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए 72 बिजली कनेक्शन विच्छेदित किए। तीन सितंबर को चलाए गए मास डिस्कनेक्शन अभियान के दौरान विभाग ने बकायादारों से 5.41 लाख रुपये की राशि वसूल की।
राज्य विद्युत कंपनियों के निर्देशन एवं अधीक्षण यंत्री राजेश लकड़ा के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के लिए 10 टीमों का गठन किया गया था। सूरजपुर, रामानुजनगर, विश्रामपुर, भैयाथान एवं प्रतापपुर उपसंभाग के अंतर्गत सभी 16 वितरण केंद्रों में कनिष्ठ एवं सहायक यंत्रियों की टीमों ने कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 39 औद्योगिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। इन पर कुल 55.73 लाख रुपये बकाया था। वहीं, 33 गैर घरेलू उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए, जिन पर 44.31 लाख रुपये की बकाया राशि थी। कार्रवाई के दौरान राशि जमा करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन नियमानुसार बहाल कर दिए गए।
कार्यपालन यंत्री सचिन उत्तरवार ने बताया कि बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि आगामी सप्ताह से घरेलू सहित अन्य सभी श्रेणियों के बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें और बकाया राशि लंबित न रखें, ताकि कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।