सूरजपुर
सोनपुर-कुर्रीडीह के 1,548 किसानों को मिले 6.91 लाख, अन्य समितियों के किसानों को अब भुगतान का इंतजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 9 सितंबर। धान खरीदी केंद्रों में हमाली राशि के भुगतान को लेकर किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हुई। सोनपुर-कुर्रीडीह समिति के 1,548 किसानों के खातों में कुल 6,91,280.80 की हमाली राशि जमा कर दी गई है। समिति ने भुगतान के लिए अप्रैल में ही बैंक को चेक जारी कर दिया था, लेकिन करीब पांच माह बाद किसानों के खातों में राशि पहुंची।
दरअसल, दिसंबर में किसानों ने महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से शिकायत कर धान खरीदी के दौरान हमाली का खर्च किसानों द्वारा वहन किए जाने की जानकारी देते हुए हमाली राशि का भुगतान किसानों को करने की मांग की थी। मंत्री के निर्देश के बाद आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सोनपुर ने भुगतान की प्रक्रिया शुरू की।
समिति के 23 अप्रैल के पत्र के अनुसार, दोनों केंद्रों पर किसानों को 7 रुपए प्रति क्विंटल की दर से हमाली राशि का भुगतान किया गया। सोनपुर (बंजा) केंद्र के 1,074 किसानों को 4,64,749.60 रुपए तथा कुर्रीडीह केंद्र के 474 किसानों को 2,26,531.20 रुपए मिले हैं।
इस तरह दोनों केंद्रों के 1,548 किसानों को कुल 6.91 लाख की राशि प्राप्त हुई है। राशि मिलने से किसानों ने राहत की सांस ली है।
अब किसानों की नजर शिवप्रसाद नगर, सावारांवा, केवरा, सिरसी, खोपा, भैयाथान सहित अन्य धान खरीदी समितियों पर है।