सूरजपुर

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, मटका फोड़ स्पर्धा में बजरंग दल महंगावा विजेता
06-Sep-2026 8:50 PM
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, मटका फोड़ स्पर्धा में बजरंग दल महंगावा विजेता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 6 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आयोजन समिति एवं मां कुदरगढ़ी सेवा परिवार के संयुक्त तत्वावधान में अग्रसेन चौक, कोतवाली थाना के समीप जिला स्तरीय मटका फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।

 कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कलेक्टर श्रीमती रैना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वरिष्ठ पुजारी बबलू महाराज के मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर तिलक-चंदन, पुष्पमाला अर्पित कर आरती उतारी। इसके बाद कलेक्टर, एसपी सहित मंचासीन अतिथियों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों के साथ सद्भावना दही हांडी फोडक़र प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

छह टीमों ने दिखाया दमखम

फव्वारे से हो रही जलवर्षा के बीच छह टीमों ने मटका फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इनमें बजरंग दल महंगावा, बजरंग दल खालपारा, कुंजनगर विश्रामपुर, बजरंग दल सूरजपुर, देवीपुर सूरजपुर और भ_ापारा सूरजपुर की टीमें शामिल रहीं। कृष्ण भजनों और संगीत के बीच युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया।

बजरंग दल महंगावा ने अपने पहले प्रयास में महज 1 मिनट 11 सेकंड में मटका फोडक़र प्रथम स्थान हासिल किया और 11 हजार रुपये का पुरस्कार जीता। बजरंग दल खालपारा ने 1 मिनट 51 सेकंड में मटका फोडक़र द्वितीय स्थान प्राप्त किया और 5,100 रुपये, जबकि कुंजनगर-विश्रामपुर की टीम ने 2 मिनट में मटका फोडक़र तृतीय स्थान हासिल करते हुए 3,100 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया।

राधा-कृष्ण बने

बच्चों ने मोहा मन

कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा रानी, कन्हैया, माखन चोर और ग्वाल-बाल की वेशभूषा में पहुंचकर आकर्षण का केंद्र बनाया। कलेक्टर रैना जमील ने बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें चॉकलेट वितरित की। कान्हा बने काव्यांश अग्रवाल तथा राधा रानी बनीं आराध्या मिश्रा और अनुष्का मिश्रा को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में टीवी कलाकार स्तुति जायसवाल, भजन गायिका अंजलि गंगवाल, राजेश जायसवाल एवं मां बागेश्वरी जागरण मंच के कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात तक श्रद्धालु श्रीराधे-कृष्ण और श्रीश्याम के भजनों पर झूमते रहे।

आयोजन में कलेक्टर रैना जमील, एसपी योगेश पटेल, डिप्टी कलेक्टर रमेश मौर, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवेश गोयल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, खनिज विभाग, यातायात पुलिस, स्थानीय संस्थाओं एवं युवाओं का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट