सूरजपुर
लाइफलाइन एक्सप्रेस का समापन
सूरजपुर, 6 सितंबर। बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर 16 अगस्त से 5 सितंबर तक संचालित इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस का 21 दिवसीय स्वास्थ्य सेवा अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चलते-फिरते अस्पताल के माध्यम से जिले के दूरस्थ एवं जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। अभियान के दौरान कुल 15,273 मरीजों का पंजीयन हुआ।
समापन अवसर पर कलेक्टर रेना जमील ने लाइफलाइन एक्सप्रेस की टीम, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बारिश और खेती-किसानी के व्यस्त समय के बावजूद दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे।
यह उपलब्धि सभी विभागों और मैदानी अमले के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।
अभियान के दौरान 6,934 लोगों का आउटरीच तथा 8,339 मरीजों का ओपीडी पंजीयन किया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं टीम ने 4 हजार से अधिक घरों का भ्रमण कर जरूरतमंद मरीजों को चिन्हित किया। वहीं 4,458 मरीजों का नेत्र परीक्षण, 1,454 का ईएनटी, 422 का स्त्री रोग, 263 का हड्डी एवं 176 मरीजों का प्लास्टिक सर्जरी संबंधी पंजीयन हुआ।
925 से अधिक सर्जरी
लाइफलाइन एक्सप्रेस में 675 नेत्र, 79 कान, 23 ऑर्थोपेडिक और 41 प्लास्टिक सर्जरी सहित 107 पैप-स्मियर बायोप्सी प्रक्रियाएं की गईं। इसके अलावा 7,009 लोगों की ब्लड प्रेशर एवं डायबिटीज की जांच की गई।
जरूरतमंदों को कुल 2,829 चश्मे एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 609 रीडिंग ग्लासेस, 1,834 दूरी के बाइफोकल चश्मे तथा 386 ऑर्थोसिस उपकरण शामिल रहे।
कलेक्टर ने कहा कि लाइफलाइन एक्सप्रेस आर्थिक रूप से कमजोर और विशेषज्ञ उपचार से वंचित लोगों के लिए वास्तव में जीवन रेखा साबित हुई। बड़े शहरों में महंगा उपचार कराने में असमर्थ मरीजों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ जांच, उपचार और सर्जरी की सुविधा मिली।
समापन कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, सीएमएचओ कपिल देव पैकरा, डॉ. रोहिणी चौगले, विजयराज अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग एवं लाइफलाइन एक्सप्रेस की टीम के सदस्य उपस्थित रहे। 21 दिवसीय अभियान के बाद टीम को भावभीनी विदाई दी गई।