सूरजपुर
सूरजपुर, 6 सितंबर। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। तेज गर्मी, बारिश और इसके बाद बढ़ रही उमस के बीच मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ा है। जिला अस्पताल सूरजपुर सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले 10-12 दिनों से मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जिला अस्पताल में वर्तमान में प्रतिदिन करीब 250 से 300 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में सर्दी, खांसी, बुखार, बदन दर्द, गले में खराश और वायरल संक्रमण के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। मौसम में अचानक बदलाव के चलते बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सूरजपुर बीएमओ डॉ. अमित भगत ने लोगों से मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। लोगों को स्वच्छता के साथ खान-पान पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। पानी को अच्छी तरह उबालकर ठंडा करने के बाद ही पीने, बासी भोजन से बचने तथा ताजा एवं स्वच्छ भोजन लेने की सलाह दी गई है। घर और आसपास साफ-सफाई रखने के साथ मौसम के अनुरूप दिनचर्या में बदलाव करना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सर्दी, खांसी, बुखार अथवा शरीर में कमजोरी जैसे लक्षणों को सामान्य मानकर नजरअंदाज न करें। लक्षण बढऩे पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार कराएं। स्वयं से दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता दें।
मौसम में लगातार बदलाव के बीच अस्पताल की ओपीडी में बढ़ रही मरीजों की संख्या ने लोगों को सतर्क रहने का संकेत दिया है। चिकित्सकों ने स्वच्छ पानी, ताजा भोजन, साफ-सफाई और समय पर उपचार को मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी बताया है।