सूरजपुर

धूमधाम से मनी जन्माष्टमी, जगह-जगह मटकी फोड़ स्पर्धा
05-Sep-2026 8:51 PM
धूमधाम से मनी जन्माष्टमी, जगह-जगह मटकी फोड़ स्पर्धा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 5 सितंबर। जिला मुख्यालय एवं कोयलांचल बिश्रामपुर समेत जिले भर में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। जिला मुख्यालय सहित श्री गौरीशंकर मंदिर समिति द्वारा मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी (मटका फोड़) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जन्माष्टमी के चलते सुबह से ही मंदिर में दर्शन, पूजा-अर्चना एवं भोग अर्पित करने श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।

रात्रि आठ बजे आयोजित दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश यादव ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों, संयुक्त सलाहकार समिति के सदस्यों, पत्रकारों एवं नगर पंचायत के पार्षदों की उपस्थिति रही। मंदिर समिति अध्यक्ष महेश गुप्ता एवं सचिव शिवाकांत मिश्रा ने अतिथियों का गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया।

विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि दही हांडी की परंपरा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं माखन चोरी की स्मृतियों से जुड़ी है। ऐसे आयोजन हमारी सनातन परंपराओं और संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। प्रतियोगिता में सात टीमों ने हिस्सा लिया। खचाखच भरे मंदिर परिसर में दर्शकों के उत्साह के बीच कुंजनगर इलेवन की टीम ने संघर्ष के बाद दही हांडी फोडक़र विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी एवं 5100 रुपये की नगद राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण मंदिर समिति अध्यक्ष महेश गुप्ता ने दिया। संचालन सीमांचल त्रिपाठी ने किया, जबकि सचिव शिवाकांत मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट