सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,5 सितंबर। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा स्थित पांच मंजिला लॉज की बालकनी से गिरने से बिश्रामपुर निवासी ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा 3 सितंबर की तडक़े करीब चार बजे हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन पश्चिम बंगाल पहुंचे, जहां पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन बिश्रामपुर निवासी संतोष सिंह अंबिकापुर निवासी प्रदीप शर्मा की टूरिस्ट ट्रैवल बस के चालक थे। वे तीन-चार दिन पहले अंबिकापुर, सिलफिली सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लेकर पश्चिम बंगाल भ्रमण पर गए थे।
सभी लोग पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा स्थित बंगा क्वीन लॉज में ठहरे हुए थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार तडक़े संतोष अपने कमरे से शौचालय जाने के लिए बालकनी की ओर निकले थे। इसी दौरान संभवत: नींद की हालत में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पांच मंजिला इमारत से नीचे गिर गए। सिर के बल गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन पश्चिम बंगाल पहुंचे। पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर शुक्रवार देर शाम बिश्रामपुर के लिए रवाना हुए। घटना की खबर से परिवार में शोक और मातम का माहौल है।मृतक संतोष सिंह इलेक्ट्रिशियन शंभू सिंह के बड़े भाई थे।