सूरजपुर
सूरजपुर,4 सितंबर। सूरजपुर जिले के ओडग़ी थाना क्षेत्र के ग्राम माढर में मछली पकडऩे के दौरान नदी के तेज बहाव में फंसे ग्रामीण को जिला प्रशासन की डीडीआरएफ टीम ने तत्परता और साहस के साथ सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम माढर निवासी अशोक सोनपाकर मछली पकडऩे के दौरान अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहते हुए एक चट्टान पर फंस गए। घटना की सूचना भैयाथान एसडीएम ने जिला प्रशासन को दी। इसके बाद जिला सेनानी संजय गुप्ता के निर्देश पर डीडीआरएफ की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और विपरीत परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
बचाव दल ने सूझबूझ और आपसी समन्वय से चट्टान पर फंसे अशोक सोनपाकर को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। रेस्क्यू अभियान में टीम प्रभारी हवलदार बीरबल गुप्ता सहित आनंद चौबे, धनश्य नेताम, हंसलाल, देवनारायण, त्रिनेत्र सिंह, शिवनारायण सिंह, सिद्धू सिंह, रिकेश कुमार एवं विदेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।