सूरजपुर
सूरजपुर,4 सितंबर। सूरजपुर जिले के अंतिम छोर पर सरगुजा सीमा से लगे ग्राम पंचायत राजापुर के मिडिल स्कूल में शिक्षकों की कमी से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विद्यालय में करीब 90 बच्चे महज दो शिक्षकों के भरोसे पढ़ाई कर रहे हैं।
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों पर असर पडऩे की आशंका है। वहीं, शिक्षकों पर भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को संभालने और पढ़ाने का अतिरिक्त दबाव है।
पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार विद्यालय में अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना को लेकर कई बार शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
अभिभावकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से शीघ्र अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके।