सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 2 सितंबर। एसईसीएल बिश्रामपुर के कंपनी आवासों में कथित तौर पर लंबे समय से रह रहे पुलिसकर्मियों को प्रबंधन ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आवासों के नए सिरे से कराए गए सर्वे के बाद अवैध रूप से रह रहे पुलिसकर्मियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, अधिकारियों और बाहरी लोगों की सूची तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि कई पुलिसकर्मी ऑफिसर ग्रेड के आवासों में भी रह रहे हैं। वहीं कुछ ऐसे पुलिसकर्मी भी हैं, जिनका पदस्थापन जिले से बाहर हो चुका है, लेकिन उन्होंने क्वार्टर खाली कर प्रबंधन को सौंपने के बजाय उसमें ताला लगाकर कब्जा बरकरार रखा है।
प्रबंधन ने ऐसे सभी आवासधारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इससे पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।
बताया जाता है कि बिश्रामपुर क्षेत्र में करीब 3,500 कंपनी आवास हैं, जिनमें 500 से अधिक आवासों पर बाहरी लोगों के कब्जे का दावा किया जा रहा है। वे बिजली-पानी सहित कंपनी की सुविधाओं का उपयोग कर रहे हैं।
बताया जाता है कि बड़ी संख्या में अवैध कब्जाधारियों के आवासों में काबिज होने से हर वर्ष कंपनी को एच आर का भुगतान अपने कर्मियों को करना पड़ रहा है, जिन्हें कंपनी अब तक आवास नहीं दे पाई है, इसलिए भी कंपनी स्तर पर इस हेतु कड़ाई बरतने की जानकारी है।
क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी एसएस रात्रे ने बताया कि पुलिस कर्मियों के साथ अवैध रूप से रह रहे बाहरी लोगों को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
वहीं बिश्रामपुर टीआई ने भी आज क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी को थाना तलब कर नोटिस बांटे जाने के कारणों सहित कितने लोगों को अब तक नोटिस बांटा गया है, उसकी जानकारी मांगी है।