सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,1 सितम्बर। जयनगर स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में 65 वर्षीय बुजुर्ग के नाम पर किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी)से 98 हजार रुपये की राशि कथित तौर पर फर्जी तरीके से निकालने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत कुरुवां निवासी बाबूलाल पिता स्व. गौटू ने सूरजपुर एसडीएम को लिखित शिकायत देकर तत्कालीन समिति प्रबंधक श्यामलाल प्रजापति पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, बाबूलाल अशिक्षित हैं और केवल अपना नाम लिखना जानते हैं। आरोप है कि तत्कालीन समिति प्रबंधक ने उनके नाम से केसीसी के जरिए ऋण निकलवाने की बात कहकर उनका किसान क्रेडिट कार्ड और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, बिश्रामपुर शाखा की पासबुक अपने पास ले लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि ऋण माफ कराने का भरोसा भी दिया गया था।
बाबूलाल के मुताबिक, उनके नाम से 23 जून को 49 हजार और 25 जून को 49 हजार रुपये, यानी कुल 98 हजार रुपये की राशि निकाली गई। इसकी जानकारी उन्हें जुलाई में सोसायटी से खाद-बीज एवं कृषि कार्य के लिए ऋण लेने पहुंचने पर हुई। कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि उनके नाम पर पहले ही दो किस्तों में ऋण निकाला जा चुका है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बाबूलाल ने पूर्व समिति प्रबंधक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक से राशि निकाली गई और उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी।
बाबूलाल ने एसडीएम से मामले की जांच करा दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा उन्हें उक्त ऋण की देनदारी से मुक्त करने की मांग की है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में ऋण आवेदन, केसीसी दस्तावेज, बैंक निकासी रिकॉर्ड, हस्ताक्षर और राशि प्राप्त करने वाले व्यक्ति की जांच महत्वपूर्ण होगी।