सूरजपुर

विद्युत लाइन सुधारने पहुंचे जेई से अभद्रता, केस दर्ज
01-Sep-2026 8:55 PM
विद्युत लाइन सुधारने पहुंचे जेई से अभद्रता, केस दर्ज

सूरजपुर, 1 सितम्बर। विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए क्षतिग्रस्त पोल बदलने पहुंचे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कनिष्ठ अभियंता के साथ अभद्र व्यवहार करने धमकी देने और कॉलर पकडक़र मारपीट के मामला में कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार तिवारी की रिपोर्ट पर जयनगर पुलिस ने सिलफिली निवासी शुभम अग्रवाल के खिलाफ लोकसेवक को कर्तव्य निर्वहन से रोकने,शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने  बीएनएस की धारा 296,351(3),132,221 के तहत केस दर्ज किया है।

शिकायत के अनुसार, 25 अगस्त को तेज हवा के कारण 11 केवी सिलफिली फीडर का एक विद्युत पोल पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे करीब तीन विद्युत ट्रांसफार्मरों से जुड़े क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। विद्युत व्यवस्था जल्द बहाल करने के उद्देश्य से 26 अगस्त को कनिष्ठ अभियंता अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित ठेकेदार को क्षतिग्रस्त पोल बदलकर लाइन चालू करने के निर्देश दिए।

इसी दौरान भूमि स्वामी द्वारा टूटे पोल को बदलने तथा लाइन शिफ्ट करने को लेकर विवाद किए जाने की सूचना मिलने पर कनिष्ठ अभियंता मौके पर पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सिलफिली निवासी शुभम अग्रवाल, जो संबंधित भूमि से जुड़ा नहीं था, ने लाइन शिफ्टिंग की औपचारिक प्रक्रिया और खर्च का भुगतान किए जाने की बात पर अधिकारियों से कथित तौर पर विवाद किया।

कनिष्ठ अभियंता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि शुभम अग्रवाल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, धमकी दी और ग्रामवासियों को उनके विरुद्ध उकसाने का प्रयास किया। साथ ही मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन एवं सडक़ अवरोध करने की धमकी भी दी गई।

शिकायत के मुताबिक, विवाद समाप्त करने का प्रयास किए जाने के बावजूद स्थिति बिगड़ती गई और दोपहर करीब 2.30 बजे शुभम अग्रवाल ने अचानक कनिष्ठ अभियंता का कॉलर पकड़ लिया तथा मारपीट कर चोट पहुंचाने का प्रयास कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाया।पुलिस केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।


अन्य पोस्ट