सूरजपुर

सावन उत्सव में माताओं-बहनों संग झूमीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
28-Aug-2026 9:21 PM
सावन उत्सव में माताओं-बहनों संग झूमीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 28 अगस्त। ग्राम पंचायत पार्वतीपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर के समीप कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर सावन उत्सव का आयोजन किया गया। सावन की हरियाली, उमंग और उत्साह के बीच आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में महिलाओं ने नृत्य, गीत-संगीत सहित विभिन्न प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सावन के पारंपरिक रंग में रंगे इस आयोजन में महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी माताओं-बहनों के साथ समय बिताया और उनकी प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ झूमती नजर आईं।

मंत्री ने कहा कि सावन उत्सव केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और आपसी स्नेह को मजबूत करने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

इस दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों में शामिल प्रतिभागी महिलाओं को पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की माताओं-बहनों के साथ ऐसे आत्मीय आयोजन आगे भी निरंतर आयोजित करने का प्रयास रहेगा। उन्होंने सभी को सावन उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


अन्य पोस्ट